🔊
आम सहमति से गठित जिला पंचायत बोर्ड से विकास के खुलेंगे नए द्वार” – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री धामी ने किया चंपावत के नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष व सदस्यों का स्वागत
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने देहरादून स्थित निवास पर चंपावत जिले के नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी सहित सभी सदस्यों का स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिले की जनता और सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि चंपावत जिले में निर्विरोध व आम सहमति के आधार पर जिला पंचायत बोर्ड का गठन प्रदेश की लोकतांत्रिक परंपरा को मजबूती देने वाला कदम है। मुख्यमंत्री ने कहा—
“चंपावत को हिमालयी राज्यों का मॉडल जिला बनाने की मेरी परिकल्पना को इस निर्णय से नई ऊर्जा और गति मिली है। आम सहमति से बने इस बोर्ड से जिले के विकास के नए द्वार खुलेंगे।”
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जिले के लिए राज्य सरकार हर स्तर पर सहयोग करेगी और योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए सरकार का ज्ञान, अनुभव और संसाधन उपलब्ध रहेंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी सदस्य आपसी समन्वय और सहयोग से कार्य करेंगे और चंपावत के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
बाद में श्री आनंद अधिकारी ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और संगठन महामंत्री अजेय कुमार समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री से मिलने वालों में सचिन जोशी, डूंगर सिंह परथोली, भोला सिंह बोरा, पुष्पा विश्वकर्मा, योगेश जोशी, शैलेश जोशी, सरस्वती चंद, हिमानी बोरा, कृष्णानंद जोशी, अशोक महरा और आशा अधिकारी सहित सभी निर्वाचित सदस्य उपस्थित रहे।
फोटो : अपने निवास पर चंपावत जिला पंचायत अध्यक्ष व सदस्यों का स्वागत करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।