🔊
सड़क सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं” – डीएम मनीष कुमार
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, दिए कड़े निर्देश
सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पिछली बैठक के निर्देशों की समीक्षा करते हुए सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था सुधारने को लेकर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा एक गंभीर विषय है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ ठोस कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख निर्णय:
PWD और NHAI को जिले के सभी ब्लैक स्पॉट की पहचान कर वहाँ चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर व इंजीनियरिंग सुधार कार्य तत्काल कराने के निर्देश।
नगर पालिका व नगर पंचायतों को सड़कों व फुटपाथों पर हो रहे अवैध अतिक्रमण तत्काल हटाने के आदेश।
पुलिस और परिवहन विभाग को ओवरलोडिंग व नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश।
शिक्षा एवं परिवहन विभाग को स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया।
परिवहन विभाग को यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी व्यावसायिक वाहनों का फिटनेस व प्रदूषण जांच नियमित रूप से हो, बिना फिटनेस वाले वाहनों को सड़क पर अनुमति न दी जाए।
उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस के साथ संयुक्त प्रवर्तन कर ओवरलोडिंग पर नकेल कसने के निर्देश।
डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे कार्रवाई की रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करें। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क सुरक्षा नियमों के पालन में लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी. एस. खाती, अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा, असिस्टेंट कमांडेंट एसएसबी करण चौहान, एसडीएम चंपावत अनुराग आर्य, टनकपुर आकाश जोशी, लोहाघाट नीतू डांगर (वीसी से), डीटीओ सुरेंद्र कुमार, ईई लोनिवि एम. सी. पलड़िया सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।