🔊
स्वतंत्रता दिवस पर जिला अस्पताल में लगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, रक्तदाताओं ने दिखाई सेवा भावना
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल चंपावत में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि शिविर में जनपद के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सेवा व त्याग की मिसाल पेश की।
शिविर का नेतृत्व प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एच.एस. हयांकी और ब्लड बैंक इंचार्ज डॉ. गौरंग जोशी ने किया। उनके मार्गदर्शन में कुल 6 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता का परिचय दिया। इस अवसर पर डॉ. चौहान ने कहा— “रक्तदान महादान है। आपका एक यूनिट रक्त कई जिंदगियों को बचा सकता है। स्वतंत्रता दिवस का यह शिविर न केवल आज़ादी के जश्न का प्रतीक है, बल्कि समाज के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी को भी दर्शाता है।”
इस नेक पहल में लैब टेक्नीशियन उम्मेद सिंह बसेड़ा, नर्सिंग अधिकारी जीवन सिंह थापा और काउंसलर हरीश पांडे ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। उन्होंने रक्तदाताओं को प्रेरित किया और पूरी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।