🔊
कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण, वृक्षारोपण और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मान
79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर, चंपावत में भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के साथ समारोह की शुरुआत की। इसके बाद “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ वृक्षारोपण किया गया।
सभागार में आयोजित औपचारिक कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। विशेष क्षण तब आया जब जनपद के उज्ज्वल भविष्य की प्रतीक साढ़े चार वर्षीय बालिका भार्गवी वर्मा और 32 वर्षों की सेवा देने वाले अर्दली श्री चंदन सिंह रावत ने संयुक्त रूप से शॉल ओढ़ाकर सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। भविष्य की पीढ़ी और दशकों की सेवा-समर्पण के इस संगम ने सभी को भावुक कर दिया।
इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लक्ष्मी देवी एवं चंद्र मोहन जोशी ने अपने पिता के संघर्ष व बलिदान की स्मृतियां साझा कीं। वहीं महेश चंद चौड़ाकोटी ने प्रेरणादायक कविता “प्राण मित्रों भले ही गवाना, पर ये झंडा नीचे ना झुकाना” सुनाकर माहौल देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
जीजीआईसी चंपावत की बालिकाओं एवं संगीत अध्यापिका ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए, जिन्हें जिलाधिकारी ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी. एस. खाती, अपर जिलाधिकारी श्री जयवर्धन शर्मा, उपजिलाधिकारी श्री अनुराग आर्या, श्री अलकेश नौड़ियाल समेत अधिकारी, कर्मचारी, बच्चे और नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और समाज में सकारात्मक बदलाव के प्रहरी बनने का आह्वान किया।