🔊
मुख्यमंत्री धामी के ‘मॉडल जिला’ विज़न को लोगों का समर्थन, पाटी में शंकर सिंह अधिकारी की रिकॉर्ड जीत
चंपावत पंचायती चुनाव: भाजपा का दबदबा, पाटी में कांग्रेस का परचम — बाकी तीनों ब्लॉकों और जिला पंचायत पर भारती जनता पार्टी का कब्जा
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2025 में चंपावत जिले ने भाजपा को ऐतिहासिक जीत का तोहफ़ा दिया है। पाटी ब्लॉक को छोड़कर बाकी तीनों ब्लॉकों और जिला पंचायत की कमान भाजपा ने अपने हाथ में ले ली। नतीजों से साफ है कि जनता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘मॉडल जिला’ विज़न पर भरोसा जताते हुए उनके हाथ मजबूत किए हैं।
पाटी में कांग्रेस का जलवा
पाटी ब्लॉक में भाजपा का किला ढह गया। कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के बेटे शंकर सिंह अधिकारी ने भाजपा प्रत्याशी प्रकाश सिंह को करारी शिकस्त दी।
शंकर को 36 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को मात्र 4 वोटों में ही संतोष करना पड़ा। यहां ज्येष्ठ प्रमुख पद पर खड़क सिंह ने महेंद्र राम को और कनिष्ठ प्रमुख पद पर नेहा बगोटी ने ईश्वरी देवी को भारी मतों से हराया।
बाराकोट में भाजपा का परचम
बाराकोट ब्लॉक में भाजपा की सीमा आर्या ने सुनीता विश्वकर्मा को 11 मतों से मात दी। ज्येष्ठ प्रमुख पद पर दरबान सिंह ने देवेंद्र सिंह को, जबकि कनिष्ठ प्रमुख पद पर ईश्वरी देवी ने कमला को शिकस्त दी।
लोहाघाट में कांटे की लड़ाई
लोहाघाट ब्लॉक में भाजपा के महेंद्र सिंह ढेक और निर्दलीय अंकिता बोहरा के बीच मुकाबला सांसें रोक देने वाला रहा। नतीजों में महेंद्र को 18 और अंकिता को 16 वोट मिले — मात्र 2 वोट के अंतर से जीत हासिल हुई। इस संघर्षपूर्ण परिणाम ने इलाके में खासा रोमांच और चर्चा पैदा की।
ज्येष्ठ प्रमुख पद पर किशोर सिंह रावत ने प्रकाश सिंह को और कनिष्ठ प्रमुख पद पर प्रकाश चंद्र ने शोबन सिंह को पराजित किया।
चंपावत ब्लॉक में BJP निर्विरोध
चंपावत ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, ज्येष्ठ प्रमुख भुवन चंद्र पांडे और कनिष्ठ प्रमुख मनोज जोशी पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके थे। इसी तरह जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर आनंद सिंह अधिकारी और उपाध्यक्ष पद पर पुष्पा विश्वकर्मा निर्विरोध विजयी हुए।
नेताओं की प्रतिक्रियाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा,
"जनता ने जितना विश्वास आप पर जताया है, उससे आपकी जिम्मेदारियां भी उतनी ही बढ़ गई हैं। जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही आपके राजनीतिक भविष्य की दिशा तय करेगा।"
उन्होंने सभी मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
निर्विरोध निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी ने कहा,
"हम सब मिलकर मुख्यमंत्री जी के विज़न के अनुरूप मॉडल जिला बनाने में नई मिसाल कायम करेंगे।"