🔊
रात के सन्नाटे में निकले जिलाधिकारी – पथ प्रकाश और सफाई व्यवस्था का लिया जायजा “नीट एंड क्लीन चंपावत” का सपना स्वच्छता कर्मियों के बिना अधूरा – मिलेगा सामाजिक सम्मान
चंपावत। जब पूरा नगर गहरी नींद में था और सड़कों पर सन्नाटा पसरा था, तभी जिलाधिकारी मनीष कुमार अचानक नगर की पथ प्रकाश और सफाई व्यवस्था का हाल जानने निकल पड़े। रात्रि भ्रमण के दौरान उन्होंने स्वच्छता कार्य में जुटे पर्यावरण मित्रों से न केवल बातचीत की, बल्कि उनका हाल-चाल भी जाना और समस्याएं सुनीं।
जिलाधिकारी ने कहा—“नगर को नीट एंड क्लीन रखने की असली ताकत आपके हाथों में है। आपको हर संभव सुविधा दी जाएगी और आपके कार्यों के लिए सामाजिक सम्मान भी मिलेगा।”
पहली बार किसी जिलाधिकारी द्वारा रात्रि में इस तरह से सीधा संवाद पाकर पर्यावरण मित्र उत्साहित नजर आए और वादा किया कि वे नगर को साफ-सुथरा रखने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे।
भ्रमण के दौरान डीएम ने उन जगहों की स्ट्रीट लाइट चिह्नित कीं जहां लाइट बंद थी या लगाने की जरूरत थी। उनके निरीक्षण के बाद नगरपालिका ईओ के नेतृत्व में टीम ने क्षतिग्रस्त नालियों, सड़कों और स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत की प्रक्रिया शुरू की, हालांकि लगातार वर्षा के कारण कार्य प्रभावित रहा।
फोटो कैप्शन: रात्रि में नगर का भ्रमण कर पर्यावरण मित्रों से संवाद करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।