🔊
चंपावत में पशु चिकित्सा सेवाएं व बर्ड फ्लू रोकथाम को लेकर व्यापक कार्यवाही
चंपावत, मनीष कुमार के निर्देशानुसार जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पशु चिकित्सा सेवाओं के विस्तार और बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत दूरस्थ ग्राम सभा ककनई में राजकीय पशु चिकित्सालय चल्थी द्वारा एक दिवसीय पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 20 पशुपालकों ने भाग लिया। शिविर में पशुओं की स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, दवा वितरण, पोषण व स्वास्थ्य संबंधी सलाह, एवियन इन्फ्लुएंजा से बचाव के उपाय, तथा पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं जैसे SLM, KCC, गौ-पालन, बकरी-पालन, पशुधन बीमा, ग्राम्य गौ सेवक योजना व ब्रॉयलर फार्म की जानकारी दी गई।
शिविर में डॉ. प्रीति बिष्ट (पशु चिकित्सा अधिकारी, चल्थी), श्रीमती निशा ओली (पशुधन प्रसार अधिकारी), A-हेल्प कार्यकर्ता श्रीमती दीपा बिष्ट एवं श्रीमती किरण जोशी मौजूद रहीं।
इसी क्रम में जनपद के विभिन्न पोल्ट्री फार्मों का निरीक्षण कर जांच हेतु सैंपल भी एकत्र किए गए। राजकीय पशु चिकित्सालय सदर चंपावत की टीम ने खूंटी बाजरिकोट व चैकुनी बोरा के मुर्गी फार्म से सीरम सैंपल एकत्र किए। बनबसा और टनकपुर की टीमों ने भी निरीक्षण कर पशुपालकों को बर्ड फ्लू से बचाव के उपाय बताए और सैंपल जांच हेतु भेजे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पशु स्वास्थ्य और बर्ड फ्लू नियंत्रण के लिए सतत निगरानी जारी रहेगी। पशुपालकों से अपील की गई है कि वे अपने फार्म की स्वच्छता बनाए रखें और किसी भी असामान्य स्थिति की तुरंत सूचना विभाग को दें।