🔊
डुंगरालेटी गाँव में जल संकट गहराया, ‘हर घर जल योजना’ अधूरी – ग्रामीणों ने PSR उत्तरध्वनि से लगाई गुहार
चंपावत। विकास खंड लोहाघाट डुंगरालेटी गाँव के ग्रामीण पिछले कई दशकों से गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं। पीने का पानी लाने के लिए उन्हें दूरस्थ गाँवों और प्राकृतिक स्रोतों जैसे नोलों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे समय और श्रम दोनों की भारी बर्बादी हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, ‘हर घर जल योजना’ के तहत गाँव में पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू हुआ था, जिससे उन्हें समाधान की उम्मीद जगी थी। लेकिन कार्य पूरा होने से पहले ही अतिवृष्टि से योजना का मुख्य जलस्रोत बह गया और काम रुक गया। इसके बाद से ग्रामीणों की उम्मीदें फिर टूटने लगी हैं।
गाँववासियों ने PSR उत्तरध्वनि को पत्र लिखकर तुरंत आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते जलापूर्ति बहाल कर दी जाए, तो गाँव के लोग अपना बहुमूल्य समय और श्रम बचाकर अन्य कार्यों में लगा सकेंगे। ग्रामीणों ने भरोसा जताया है कि संबंधित अधिकारियों के प्रयास से इस समस्या का जल्द समाधान होगा।