🔊
मत्स्य विभाग ने बाजरिकोट में आयोजित की मत्स्य पालन गोष्ठी
चंपावत के बाजरिकोट में बुधवार को मत्स्य जीवी स्वायत्त सहकारी समिति के माध्यम से मत्स्य विभाग ने जलाशयों के विकास योजना अंतर्गत एक दिवसीय मत्स्य पालन गोष्ठी का आयोजन किया।
कार्यक्रम में रेशम, खादी एवं ग्रामोद्योग, कृषि, पशुपालन विभाग तथा छेड़ा पानी मत्स्य पालन इकाई के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, पात्रता मानकों, आर्थिक सहायता और तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।
मत्स्य विभाग के विशेषज्ञों ने जलाशयों के सतत विकास, मत्स्य उत्पादन वृद्धि, बीज उत्पादन, आहार प्रबंधन, जल गुणवत्ता संरक्षण और रोग नियंत्रण की आधुनिक तकनीकों पर चर्चा की। साथ ही ग्रामीणों को रेशम उत्पादन, डेयरी विकास, कृषि आधारित उद्यम और ग्रामोद्योग के समन्वित विकास मॉडल अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे आय वृद्धि और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिल सके।
इस अवसर पर प्रधान बाजरिकोट संजय कुमार, जनपद मत्स्य प्रभारी त्रिभुवन मौर्य, वरिष्ठ वैज्ञानिक सीआईसीएफआर डॉ. पंकज कुमार, सहायक कृषि अधिकारी सचिन कुमार, पशुधन प्रसार अधिकारी राहुल सिंह, जनपद रेशम प्रभारी जीवन चंद्र खर्कवाल, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी राजीव पाठक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।