🔊
नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी का व्यापक जनसंपर्क, लोगों का जताया आभार
लोहाघाट।नवनिर्वाचित युवा जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी ने बुधवार को नगर क्षेत्र और आसपास में व्यापक जनसंपर्क कर लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। सुबह से ही उनके हथरंगिया स्थित आवास पर दूर-दराज से बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्कारों में पले-बढ़े 40 वर्षीय आनंद अधिकारी ने बड़ों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लेने की परंपरा निभाई, जिसने लोगों को प्रभावित किया। उन्होंने बिना किसी आडंबर और उत्साह में अतिरेक के, सहज और आत्मीय व्यवहार से लोगों का दिल जीता। बुजुर्गों ने उन्हें बधाई के साथ दीर्घायु होने का आशीर्वाद भी दिया।
लोगों ने उनके निर्विरोध निर्वाचन को मुख्यमंत्री के मॉडल जिले में स्वस्थ राजनीतिक माहौल और विकास की नई सोच की दिशा में सकारात्मक संकेत बताया। हालांकि, जनचर्चा का विषय यह भी रहा कि जिला पंचायत सदस्य चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को भीतरघात से हराने वाले कुछ लोग अब आनंद को बधाई देने की कतार में खड़े नजर आ रहे हैं। कई समर्थकों ने भाजपा नेतृत्व को ऐसे लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी।
आनंद अधिकारी ने कहा कि भले ही वे सक्रिय रूप से भाजपा में न हों, लेकिन सनातन की रक्षा के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ चट्टान की तरह खड़े रहेंगे। जनसंपर्क में नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश चंद्र पांडे, दीपक ओली, निर्मल मेहरा, मोहित पाठक, सतीश खर्कवाल, योगेश मेहता, गिरीश कुंवर, मनोज कुमार, खड़क सिंह, योगेश जोशी, दान सिंह बिष्ट, महेश बोहरा, कैलाश पांडेय, सुभाष बगौली, जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी सहित अनेक लोग साथ रहे।