🔊
नालियां बंद, सड़क पर बह रहा पानी; उखड़ा डामर और झाड़ियों से बरदाखान-बिसराड़ी मार्ग बदहाल दोनों ओर झाड़ियों ने सड़क को बनाया संकरा, आमने-सामने वाहन आने पर पास लेने तक की जगह नहीं
उत्तराखंड जनपद चंपावत।
बाराकोट। बरदाखान-बिसराड़ी सड़क की बदहाली से ग्रामीणों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क किनारे बनी नालियां बंद होने से बारिश और अन्य पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे कई जगह डामर पूरी तरह उखड़ गया है। सड़क की हालत खराब होने से दोपहिया के साथ चौपहिया वाहनों का आवागमन भी मुश्किल हो गया है।
सड़क पर पानी बहने से उखड़ा डामर
स्थानीय लोगों के अनुसार नालियों की समुचित निकासी नहीं होने के कारण पानी लगातार सड़क पर बह रहा है। पानी के बहाव से सड़क का डामर उखड़कर कई स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं। इससे वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
झाड़ियों ने बढ़ाई वाहन चालकों की मुश्किल
सड़क के दोनों ओर बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं। इससे सड़क काफी संकरी हो गई है और कई जगह एक समय में एक ही वाहन निकल पा रहा है। सामने से वाहन आने पर पास लेने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती। झाड़ियां वाहनों से टकराने के कारण नुकसान का कारण भी बन रही हैं।
लोनिवि से कई बार सड़क सुधारने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग की इस सड़क से लंबे समय से आवाजाही करने वाले लोग परेशान हैं, लेकिन सड़क की नालियों और झाड़ियों की समस्या की ओर विभाग की ओर से अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
नाली निर्माण और झाड़ियों की कटाई की मांग
ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से सड़क किनारे नालियों की सफाई और आवश्यक स्थानों पर नाली निर्माण कर पानी की उचित निकासी सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही सड़क के दोनों ओर उगी झाड़ियों को तत्काल काटकर मार्ग को यातायात के लिए सुरक्षित और सुगम बनाने की मांग की गई है।