🔊
जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी पंचतत्व में विलीन, नम आंखों से दी अंतिम विदाई चित्रशिला घाट पर गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार, सांसद अजय भट्ट समेत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और पत्रकारों ने दी श्रद्धांजलि
हल्द्वानी। जिला सूचना अधिकारी नैनीताल गिरिजा शंकर जोशी का रविवार को हल्द्वानी के रानीबाग स्थित पौराणिक चित्रशिला घाट पर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। आकस्मिक हृदयगति रुकने से 12 सितंबर को उनके निधन की खबर से सूचना विभाग, पत्रकार जगत और विभिन्न विभागों में शोक की लहर दौड़ गई।
मां गार्गी नदी के तट पर पंचतत्व में विलीन
स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी की अंतिम यात्रा रविवार सुबह उनके हल्द्वानी स्थित आवास से चित्रशिला घाट के लिए रवाना हुई। मां गार्गी नदी के तट पर स्थित चित्रशिला घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान माहौल बेहद भावुक रहा और उपस्थित लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
सरकार की ओर से पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
उत्तराखंड सरकार की ओर से मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्यमंत्री ध्रुव रौतेला ने पुष्पचक्र अर्पित कर स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी को श्रद्धांजलि दी। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट समेत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
अधिकारी, पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता रहे मौजूद
अंत्येष्टि में मेयर गजराज सिंह बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री शंकर कोरंगा, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी सहित प्रशासनिक अधिकारी, सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनपद के प्रमुख पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पीछे छोड़ गए पत्नी, पुत्र और पुत्री
स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन पर उपस्थित लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
14 सितंबर को मीडिया सेंटर में होगी शोकसभा
स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी की स्मृति में 14 सितंबर 2026 को प्रातः 11 बजे मीडिया सेंटर हल्द्वानी में शोकसभा आयोजित की जाएगी। इसमें सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार एवं अन्य गणमान्य लोग शामिल होकर दिवंगत जिला सूचना अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
रिपोर्ट : पुष्कर सिंह राजपूत
चीफ एडिटर PSR उत्तरध्वनि न्यूज़
उत्तराखंड